बांदा। हड़ताल के दौरान अदालत में मुकदमे में अतर्रा बार एसोसिएशन अध्यक्ष के बहस करने पर जिला अधिवक्ता संघ ने कड़ा विरोध जताया है। साथ ही एलान किया कि भविष्य में अतर्रा बार एसोसिएशन को कोई सहयोग नहीं किया जाएगा। जिला अधिवक्ता संघ संघर्ष समिति ने कहा है कि सभी न्यायिक अधिकारियों से अनुरोध करेंगे कि इस दौरान कोई आवेदन न लें।
शुक्रवार (31 जुलाई) को जजी गेट पर अधिवक्ता धरना देंगे।
जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अवधेश कुमार गुप्ता (खादीवाला) और महासचिव कैलाश सिंह गौतम ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि गुरुवार को जिला अधिवक्ता संघ संघर्ष समिति की बैठक में अधिवक्ता अमितराज सिंह के हमलावरों की अब तक गिरफ्तारी न होने पर रोष जताया गया। घोषणा की गई कि सभी अभियुक्तों की गिरफ्तारी न होने तक जिला अधिवक्ता संघ हड़ताल पर रहेगा। उधर, गुरुवार को हड़ताल के बीच अतर्रा बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अमर सिंह राठौर द्वारा जनपद न्यायाधीश की अदालत में
मुकदमे की बहस करने पर निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। अध्यक्ष व महासचिव ने बताया कि मना करने पर भी राठौर ने अदालत में बहस की। उनके साथ अतर्रा अधिवक्ता संघ अध्यक्ष नंदकिशोर कुशवाहा भी उपस्थित थे। बैठक में कहा गया कि भविष्य में अतर्रा बार संघ को कोई सहयोग नहीं किया जाएगा। किसी भी तहसील या जिले के अधिवक्ता को हड़ताल के दौरान अदालत में काम नहीं करने दिया जाएगा। अध्यक्ष और महासचिव ने शुक्रवार को सुबह 10 बजे जजी मुख्य गेट में धरने में शामिल होने के लिए अधिवक्ताओं से अनुरोध किया है।