अतर्रा। तथागत ज्ञानस्थली सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार को दीवाली मेले का आयोजन हुआ। उद्घाटन मुख्य अतिथि सीडीओ वेदप्रकाश मौर्य ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में एसडीएम रावेंद्र कुमार और कोतवाली प्रभारी कुलदीप तिवारी मौजूद रहे।
मेले में बच्चों की ओर से विभिन्न प्रकार के फूड स्टॉल और हस्तनिर्मित स्वदेशी क्राफ्ट की लगाई गई दुकानें आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चों ने इन स्टॉल्स पर अपने हाथों से बने विभिन्न स्वदेशी उत्पाद और पकवान प्रस्तुत किए। अभिभावकों ने मीना बाजार में जमकर खरीदारी की। मेले में तंबोला गेम का भी आयोजन हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
विद्यालय के चेयरमैन शिवशरण कुशवाहा ने बताया कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी परंपराओं, संस्कृति और त्योहारों के महत्व को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। रंगोली प्रतियोगिता में हाउस वाइज प्रतिस्पर्धा हुई। अशोका हाउस ने रंगोली में पहला स्थान हासिल किया, जबकि रमन हाउस और शिवाजी हाउस दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। गेम्स प्रतियोगिता में शिवाजी और अशोका हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, टैगोर हाउस को दूसरा और रमन हाउस को तीसरा स्थान मिला। स्कूल की प्रधानाचार्या श्वेता श्रीवास्तव ने सभी का आभार जताया। इस मौके पर स्कूल की एमडी किरण कुशवाहा, आरके वर्मा, रामलखन कुशवाहा और डॉ. सीपी कुशवाहा भी मौजूद रहे।