बांदा। चित्रकूट धाम मंडल के आयुक्त अजीत कुमार की अध्यक्षता में कमिश्नरी कार्यालय में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। इसमें कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
आयुक्त ने अर्जुन सहायक परियोजना में कार्यों की देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित परियोजना प्रबंधक को स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद चित्रकूट में पाठा क्षेत्र के पर्यटन विकास कार्यों, हवाई अड्डे की पट्टी के निर्माण, मरेठा संपर्क मार्ग और मंडी समिति के निर्माणाधीन कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। राजकीय पॉलिटेक्निक, मानिकपुर (चित्रकूट) के निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा उच्च शिक्षा विभाग की राजकीय महाविद्यालय राठ, हमीरपुर की 8.4 करोड़ रुपये की परियोजना को भी शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण निगम को पुलिस लाइन में अस्थायी आवास गृह (दो खंड, स्तंभ आधार) और बांदा कलेक्ट्रेट के अनावासीय भवन निर्माण को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश मिले। आयुक्त ने सभी निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण करने, पूर्णता प्रमाण पत्र समय पर प्रेषित करने और अधिकारियों को नियमित रूप से उनकी निगरानी करने के निर्देश दिए।