मटौंध। थाना इंसपेक्टर पंकज कुमार पांडेय ने कहा है कि गांवों में अन्ना पशु छोडने वालों की सूचना देने के लिए 10-10 लोगों की कमेटी गठित कर मुनादी कराई जाएगी। इसके बाद भी जानवर छुट्टा छोड़े तो कमेटी की ओर से एफआईआर दर्ज कराकर अन्ना पशु छोडने वालों पर कार्रवाई होगी।
इंसपेक्टर ने ग्रामीणों से अयोध्या प्रकरण पर आने वाले फैसले को लेकर संयम और सौहार्द व शांति व्यवस्था बरकरार रखने को कहा। शुक्रवार को ग्रामीणों के साथ शहीद पार्क में आयोजित बैठक में कहा कि वह खुद भी किसान के घर से हैं। अन्ना पशुओं की समस्या से वाकिफ हैं। किसान सगीर अहमद ने कहा कि कान्हा गोशाला में 305 अन्ना पशु बंद हैं। उसके बाद भी 4 से 5 सैकड़ा अन्ना गायें छुट्टा छोड़े जा रहे हैं। यह फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
थाना इंसपेक्टर ने नगर पंचायत अध्यक्ष को गांवों में चौकीदारों को शामिल कर समिति गठित करने की सलाह दी। सभी को आगाह किया कि अयोध्या फैसले में कोई भड़काऊ मैसेज या गतिविधि हरगिज न करें। नगर पंचायत अध्यक्ष चौधरी सुधीर सिंह, शिवशरण शुक्ला, वेदरतन त्रिपाठी, मोनू खां, इसरार खां, मुश्ताक खां, मुसीम खां, रफीक अहमद, लतीफ खां, नसीर खां, सोनू सिंह, वीरेंद्र गुप्ता, रचना देवी, अभिषेक गुप्ता, सुधीर प्रजापति, रामस्वरूप, मनोज रैकवार, रामलाल, जगदेव सिंह व पारथ कुशवाहा आदि बैठक में शामिल रहे।