बांदा। मिशन शक्ति अभियान पुन: शुरू किया गया है। यह 15 नवंबर तक चलेगा। पहले चरण के अभियान की तर्ज पर द्वितीय चरण में भी जिला मुख्यालय से लेकर तहसील व ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम होंगे। इनके फोटोग्राफ और वीडियो मिशन शक्ति ग्रुप में शेयर किए जाएंगे। उधर, डीएम ने एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि अन्ना पशु छोड़ने वालों को जेल भेजें।
डीएम आनंद कुमार सिंह ने गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में मिशन शक्ति अभियान की समीक्षा बैठक में कहा कि यह अभियान अप्रैल 2021 तक चलना है। डीएम ने विभिन्न विभागों को निर्देश दिए कि तत्काल कार्ययोजना बनाकर एडीएम को प्रस्तुत करें।
एक अन्य बैठक में डीएम ने सभी एसडीएम को निर्देश दिया कि अपने क्षेत्र में गोवंश संरक्षण के लिए बैठकें करें। अन्ना पशु छोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 107/16 में जेल भेजें। पशुओं को गोआश्रय स्थलों में संरक्षित कराएं।
गो आश्रय स्थलों का नियमित निरीक्षण करें और व्यवस्थाएं देंखे। खबरदार किया कि इसका पालन न होने पर एसडीएम की ही जवाबदेही होगी। खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त कर पशुओं को संरक्षित कराएं।