फोटो- 33 दिवांगत सरीफन। फाइल फोटो
बबेरू (बांदा)। कोतवाली क्षेत्र के बगेहटा गांव में खाना न बनने और बिना खाना खाए बेटी कोचिंग जाने को लेकर दंपती के बीच विवाद हुआ। बात बढ़ने पर पति ने नहाते समय पत्नी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। बेटी कोचिंग से घर वापस लौटी तो मां का लहूलुहान शव पड़ा देखकर चीख पड़ी।तब गांव वालों को जानकारी हुई। वहीं आरोपी वारदात के बाद से ही फरार है।
बगेहटा निवासी 48 वर्षीय सरीफन के घर में आए दिन विवाद होता था। सोमवार सुबह खाना न बनने और बेटी के बिना खाना खाए कोचिंग जाने से नाराज पति मोबीन शेख का पत्नी सरीफन से विवाद हो गया। जिसके बाद कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मोबीन ने अपना आपा खो दिया और घर में रखी कुल्हाड़ी उठा लाया और नहा रही पत्नी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ तीन वार कर दिए। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद कोचिंग से घर लौटी छोटी बेटी ने मां को लहूलुहान हालत में देखा तो चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसी बीच आरोपी पति मौके से फरार हो चुका था। ग्रामीणों की सूचना पर कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह राजावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मृतका के पांच पुत्र और दो पुत्रियां हैं। सभी बेटे मुंबई में काम करते हैं, जबकि घर पर केवल एक छोटी बेटी ही रहती थी। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए टीम लगाई गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फोटो- 33 दिवांगत सरीफन। फाइल फोटो