Angry farmers jammed due to power crisis
- फोटो : BANDA
खप्टिहा कलां। बिजली बिना धान का पलेवा और खेती के अन्य काम बाधित होने से किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को कई गांवों के किसानों ने लामबंद होकर पैलानी में मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। धरना देकर बिजली विभाग के विरुद्ध नारे लगाए। एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। उनके आश्वासन पर लगभग एक घंटे बाद जाम खत्म किया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री द्वारा बुंदेलखंड के किसानों को निर्बाध बिजली आपूर्ति के आदेश दिए गए हैं। लेकिन चित्रकूटधाम मंडल मुख्यालय बांदा में पावर कारपोरेशन के अभियंताओं पर इसका कोई असर नहीं है। पैलानी क्षेत्र के कानाखेड़ा सब स्टेशन से लगभग 22 गांवों में बिजली आपूर्ति होती है। पिछले काफी दिनों से इन गांवों में चार से पांच घंटे बिजली ही मिल पा रही है। ऐसे में किसान सिंचाई और पलेवा नहीं कर पा रहे।
पावर कारपोरेशन अभियंता किसानों की फरियादों को दरकिनार कर रहे हैं। नाराज होकर इन गांवों के किसानों ने मंगलवार को सुबह पैलानी में प्रदर्शन किया। मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। किसान पुष्पेंद्र सिंह चुनाले ने बताया कि बड़ी मात्रा में खेत पलेवा के लिए बाकी हैं। तमाम भूमि परती पड़ी है। चंदवारा सब स्टेशन तैयार हो जाने के बाद भी चालू नहीं किया जा रहा। लो वोल्टेज की भी समस्या है।
किसानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम रामकुमार को सौंपा। क्षेत्राधिकारी सहित स्थानीय थाने की पुलिस व पीएसी उपस्थित रही। अधिशासी अभियंता ने भी समस्या को दूर करने का भरोसा दिलाया। विवेक सिंह उर्फ सौरभ सिंह, राजीव सिंह, गजराज सिंह, नरेंद्र सिंह, प्रधान जयविजय सिंह, विनोद कछवाह सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे। ।