बांदा। भाई के घर जा रहीं कालिंजर थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी मनकी (80) को अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के नरैनी रोड में पीछे से आए वाहन ने टक्कर मार दी। घायल अवस्था में परिजनों ने उन्हें अतर्रा सीएचसी में दिखाया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में सुबह तीन बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुत्र रामचंद्र ने बताया कि मनकी अपनी बहन माया के पुत्र संदीप की शादी में शामिल होने अतर्रा आईं थीं। शुक्रवार की रात वह बहन के घर से निकलकर अपने भाई वीरेंद्र कुमार के घर जा रहीं थी। तभी नरैनी रोड पर आए किसी वाहन ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर घायल हो गई। पड़ोसियों ने देखा तो भाई वीरेंद्र को बताया। तब परिजनों को जानकारी हो सकी। उनके दो पुत्र दो पुत्रियां हैं। वह सब मजदूरी करते हैं। अतर्रा कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार ने बताया कि परिजन वाहन से टक्कर लगना बता रहे हैं। अभी तहरीर नहीं दी है।