बांदा। भूजल सप्ताह के तहत गुरुवार को आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज में निबंध प्रतियोगिता व गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें छात्रों ने ‘जल संरक्षण का करो प्रयास, जल ही है जीवन की आस’ विषय पर अपनी कला कौशल का प्रदर्शन किया। इंटर के छात्र अमित ने प्रथम स्थान हासिल किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया।
भूगर्भ जल विभाग की ओर से 22 जुलाई तक भूजल सप्ताह मनाया जा रहा है। इसकी के तहत गुरुवार को आदर्श बजरंग इंटर काॅलेज में भूजल संरक्षण व संवर्धन के तहत गोष्ठी हुई। इसके बाद कक्षा 11 में भूजल संरक्षण पर आधारित निबंध प्रतियोगिता कराई गई। अवर अभियंता सौरभ शुक्ला ने छात्रों व शिक्षकों को जल संचयन तथा जल संरक्षण के बारे में जागरूक किया।
बैनर व पंपलेट भी वितरित किए। उन्होंने जल का महत्व बताया। कहा कि अपनी छोटी-छोटी आदतों में सुधार कर गिरते जल स्तर को बढ़ाया जा सकता है। प्रधानाचार्य मेजर मिथलेश कुमार पांडेय व हिंदी प्रवक्ता देशराज सिंह ने भी जल संरक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कहा कि भूजल सप्ताह के आयोजन से समाज को भूजल संरक्षण का संदेश जाता है। निबंध प्रतियोगिता में छात्र अमित कुमार प्रथम, राम सिंह द्वितीय व शिवम सिंह तृतीय रहे। इस मौके पर प्रतीक, लाल बहादुर, घनश्याम सिंह, अमित शुक्ला, प्रेम बाबू, संतोष, सदानंद, कमलेश आदि उपस्थित रहे।