बांदा। चित्रकूटधाम मंडल में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं को तोड़े जाने की घटनाओं पर प्रशासन और पुलिस द्वारा सख्त कदम न उठाए जाने पर बसपा ने कड़ा विरोध जताया है। महोबा में हुई घटनाओं को हवाला देकर मंडलायुक्त से तत्काल महोबा डीएम के विरुद्ध कार्रवाई और प्रतिमाओं की सुरक्षा की मांग की है।
बृहस्पतिवार को बसपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त एल वेंकटेश्वर लू से उनके आवास पर मुलाकात की। ज्ञापन देकर कहा कि 27 अप्रैल को आल्हा चौक महोबा में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा अराजकतत्वों ने तोड़ दी। यह सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के उद्देश्य से किया गया।
इसके पूर्व 21 अप्रैल को महोबा में ही कल्याण सागर स्थित पार्क में बाबा साहब की प्रतिमा क्षतिग्रस्त की गई। बघौरा गांव में भी प्रतिमा को तोड़ा गया। बसपा नेताओं ने कहा कि 28 अप्रैल को प्रशासन ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि एक माह के अंदर नई प्रतिमाएं स्थापित कर दी जाएंगी। लेकिन इस आश्वासन पर आज तक अमल नहीं हुआ। पहली जून को बसपा नेता महोबा डीएम से मिलने गए तो उन्होंने बहुत ही अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया और प्रतिमा लगवाने की बात टाल दी।
बसपा नेताओं ने 24 घंटे के अंदर आल्हा चौक में डॉ.अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने और वहां समुचित सुरक्षा व्यवस्था तथा पार्क का सुंदरीकरण किए जाने की मांग की। सभी स्थानों पर स्थित प्रतिमाओं की सुरक्षा की भी मांग की। महोबा डीएम के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की भी मांग की।
चित्रकूटधाम मंडल में बुरी तरह चरमराई बिजली आपूर्ति पर भी मंडलायुक्त से तत्काल ठोस कार्रवाई का अनुरोध किया। ज्ञापन देने वालों मेें बसपा के महोबा जिलाध्यक्ष राजेश सिद्धार्थ, बांदा जिलाध्यक्ष प्रदीप वर्मा, पूर्व अध्यक्ष बल्देव प्रसाद वर्मा, गुलाब सिंह वर्मा, मंडल कोआर्डिनेटर मोहम्मद इदरीश, लल्लू निषाद, बाबूलाल तिवारी, राजेंद्र कुमार सोलंकी, बलवीर वर्मा, मजीत भाई, मोहम्मद यार खां, आरके वर्मा, धीरज राजपूत और रणजीत सिंह आदि शामिल रहे।