अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने के मामले में बसपा मंडल कोआर्डिनेटर रामकिशोर वर्मा की तहरीर पर अतर्रा में अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। एसडीएम मनोज कुमार सिंह ने एक प्रतिमा को दुरुस्त करा दिया।
श्री वर्मा ने तहरीर में कहा है कि सद्भावना बिगाड़ने के लिए अराजकतत्वों द्वारा बाबा साहब की प्रति क्षतिग्रस्त की गई है। पहले शिवपुरी स्थित पार्क की प्रतिमा तोड़ी गई और फिर पचोखर गांव में मुख्य सड़क किनारे लगी अंबेडकर प्रतिमा को निशाना बनाया गया।
उन्होंने बसपा नेता डा.मधुसूदन कुशवाहा, भारती गुप्ता, शशि भूषण वर्मा के साथ प्रतिमाओं का निरीक्षण किया। बसपाइयों ने दूसरी क्षतिग्रस्त प्रतिमा भी जल्द दुरुस्त कराने व अराजकतत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग प्रशासन से की है।
उधर, जिला मुख्यालय में बसपा नेताओं द्वारा ज्ञापन दिए जाने के बाद जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर कहा है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए खुफिया एजेंसियों को सक्रिय करें। जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
उधर शुक्रवार को यहां जिला मुख्यालय में जिला पंचायत अध्यक्ष बल्देव प्रसाद वर्मा के नेतृत्व में बसपा नेताओं के प्रतिनिधि मंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया। इसमें कहा गया कि यह सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश है। दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए मूर्तियां तत्काल दुरुस्त करने की भी मांग की गई।
ज्ञापन देने वालों में लल्लू प्रसाद निषाद, मोहम्मद यार खां, प्रदीप वर्मा, संजय सोनकर, कमलेश सेन, जयराम दुबे, महेश वर्मा, रामजी वर्मा, मूलचंद्र यादव, गुलाब सिंह वर्मा आदि शामिल रहे। इसी क्रम में बिजली खेड़ा स्थित कार्यालय में राष्ट्रीय स्वराज पैंथर की बैठक में अध्यक्ष मुन्नालाल दिनकर ने घटना की निंदा की।