नरैनी। नीबी गांव निवासी महिला किसान गुड्डी पत्नी अयोध्या प्रसाद ने दूसरे व्यक्ति के नाम किसान क्रेडिट कार्ड ऋण जारी करने के लिए उसकी जमीन बंधक बनाए जाने का आरोप लगाया है। एसडीएम को शिकायती पत्र देकर जमीन को बंधक मुक्त कराने की मांग की है।
आरोप है कि महिला की गाटा संख्या की भूमि उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की गुढ़ाकलां शाखा में बंधक दर्ज है। आरोप है कि वर्ष 2023 में तत्कालीन शाखा प्रबंधक ने कथित तौर पर एक दलाल के माध्यम से रामबरन के नाम 1.71 लाख का केसीसी ऋण जारी कर दिया। महिला का दावा है कि रामबरन के नाम कोई जमीन नहीं है।
उसने बैंक अधिकारियों और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है। वहीं, शाखा प्रबंधक उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक वंदना साहू का कहना है कि गुड्डी नामक महिला कि कोई जमीन बंधक नहीं हैं। शिकायत झूठी है। (संवाद)