बांदा। कताई मिल के पास मेहर मंदिर के सामने सार्वजनिक रास्ते पर दीवार खड़ी कर रास्ता बंद करने का आरोप लगा है।
प्लॉट मालिकों ने डीएम से इसकी शिकायत की है। उनका दावा है कि इस कारण करीब 100-150 लोगों के प्लॉटों तक पहुंच बाधित हो गई है।
शिकायतकर्ताओं ने अवैध निर्माण हटवाने और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। बताया कि वर्ष 2010 में ग्राम बुजुर्ग स्थित गाटा संख्या 5490 में प्लॉट खरीदे गए थे। उस समय नक्शे में करीब 15 फीट का रास्ता दर्ज था, जो मौके पर भी मौजूद था।
आरोप है कि गाटा संख्या 5295 से जुड़े लोगों ने रास्ते पर पायलिंग के गड्ढे खोदकर निर्माण शुरू किया। सितंबर में दोनों तरफ दीवार खड़ी कर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया। इस मामले की शिकायत एंटी भू-माफिया पोर्टल और हेल्पलाइन 1076 पर भी की गई थी। पूर्व में हुई जांच में रास्ता प्रचलित पाया गया था।
शिकायत में एक आरोपी के पति के न्यायिक अधिकारी होने का हवाला दिया गया है। उन्होंने कार्रवाई न होने पर आमरण अनशन और आंदोलन की चेतावनी भी दी है। मांग करने वालों में रुचिता गुप्ता, अल्पना सोनी, पुरुषोत्तम सिंह, सुखदेव शुक्ला, संदीप कुमार गुप्ता, भगवानदीन, ऋषिकांत द्विवेदी आदि शामिल हैं।