इलाहाबाद जोन स्तरीय तीन दिवसीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता शुरू हो गई। 21 वर्षों के बाद बांदा पुलिस को इसकी मेजबानी का मौका मिला है। डीआईजी मनोज तिवारी ने एक बाल हिट कर उद्घाटन किया है। पहला मैच महोबा और इलाहाबाद की टीमों के बीच हुआ। इलाहाबाद ने महोबा को पराजित कर दिया।
22वीं अंतरजनपदीय पुलिस हॉकी टूर्नामेंट का शानदार आगाज शुक्रवार को सुबह यहां स्पोटर्स स्टेडियम में हुआ। मैच तीन दिन तक चलेंगे। इलाहाबाद जोन के विभिन्न जनपदों से आई हॉकी टीमों का डीआईजी मनोज तिवारी और एसपी शालिनी ने उपस्थित रहकर हौंसला बढ़ाया। पहली बाल खेलते हुए डीआईजी ने उद्घाटन की रस्म अदा की।
इसके पूर्व उन्हें सलामी दी गई। डीआईजी ने टीमों के खिलाडिय़ों से परिचय लिया। मैचों की श्रृंखला में पहला मैच महोबा और इलाहाबाद की टीमों के बीच हुा। इसमें इलाहाबाद को विजय मिली। दूसरा मैच मेजबान बांदा और प्रतापगढ़ के बीच खेला गया। बांदा ने प्रतापगढ़ को पराजित कर दिया। एसपी शालिनी ने बताया कि 6 मई को फाइनल के साथ समापन होगा। विजेता टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।
मैच उद्घाटन के मौके पर डीएम दिव्य प्रकाश गिरि, डिप्टी कलेक्टर प्रहलाद सिंह, पुलिस उपाधीक्षक राघवेंद्र सिंह, ओमप्रकाश, राजीव प्रताप सिंह, क्रीड़ाधिकारी आनंद बिहारी श्रीवास्तव, प्रतिसार निरीक्षक लालचंद्र चौधरी सहित अन्य खिलाड़ी उपस्थित थे। टूर्नामेंट के निर्णायकों में शाहिद वली खां, एनआईएस हॉकी कोच जावेद अहमद और रईस अहमद शामिल रहे। कमेंट्री और संचालन मेजर दीपक श्रीवास्तव ने किया।