अंबेडकरनगर जिला मुख्यालय के शहजादपुर शिवालय घाट स्थित काली मंदिर में बुधवार को पूजा-अर्चना करते श्रद्धालु।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। नवाब और वामदेव की नगरी बांदा शुक्रवार (15 अप्रैल) को एक बार फिर आपसी एकता का संदेश देगा। इसी दिन रामनवमी और साप्ताहिक जुमा की विशेष नमाज है। एक तरफ अजान गूंजेगी तो दूसरी तरफ जय श्रीराम। हालांकि कौमी एकता के माहौल के बाद भी प्रशासन ने कई एहतियाती कदम उठाए हैं। पुलिस और पीएसी के साथ मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
बांदा शहर हिंदू-मुस्लिम एकता का पुराना गढ़ है। हर मौके पर यहां हर धर्म के लोग एक साथ नजर आते हैं। अबकी श्रीराम जन्मोत्सव/रामनवमी शुक्रवार (जुमा) के दिन मनाई जा रही है। नवाबी जामा मस्जिद समेत शहर की एक दर्जन से ज्यादा मस्जिदों में जुमा की सामूहिक नमाज अदा की जाएगी।
इसी समय के आसपास महेश्वरी देवी मंदिर से रामनवमी की भव्य शोभा यात्रा शुरू होगी। इसके लिए शहर को केसरिया झंडों से सजाया गया है। शोभा यात्रा में पूरे समय जय श्रीराम के नारे गूंजेंगे। यानी अजान और जय श्रीराम का सुखद संगम होगा।
डीएम योगेश कुमार की अध्यक्षता में रामनवमी जुलूस को लेकर तैयारी संबंधी बैठक हुई। जुलूस का रूट चार्ट तय किया गया। सिटी मजिस्ट्रेट आरके श्रीवास्तव, एसडीएम अनुज सिंह, तहसीलदार ओम प्रकाश त्रिपाठी, सुनील कुमार, फूलचंद्र यादव और नायब तहसीलदार आदि मजिस्ट्रेट के रूप मेें लगाए गए हैं।
उधर, क्षेत्राधिकारी विनोद सिंह ने बताया कि पुलिस और पीएसी सहित कई थानों का फोर्स तैनात रहेगा। शोभा यात्रा दो बजे शुरू होगी। जामा मजिस्द के सामने का रास्ते पर बैरीकेडिंग लगा दी गई है। यहां से शोभा यात्रा का जुलूस नहीं गुजरेगा। एहतियात के तौर पर यहां पीएसी और पुलिस तथा मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे।