मटौंध (बांदा)। हैसियत से अधिक दहेज मांगने पर शादी से इन्कार कर दिया। अब अश्लील वीडियो डालकर युवती को बदनाम कर रहा है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मटौंध थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती ने अपने माता-पिता के साथ थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व ओरछा (झांसी) में तय हुई थी। उसके पिता ने 11 हजार नकद, फल-फूल, बर्तन आदि दूल्हे अजय के हाथ में रखकर शादी पक्की की थी। कुछ समय बाद अजय और उसके माता-पिता, भाई-भाभी सभी लोग दो लाख रुपये नकद और एक बाइक की मांग करने लगे।
पिता ने इतना दहेज देने में असमर्थता जताई और शादी से इन्कार कर दिया। इससे आरोपी अजय ने अपने दोस्तों के माध्यम से उसके अश्लील वीडियो और फोटो बनाकर डालने लगा। भाई दिनेश, अरुण, पिता रघुवीर, मां और भाभी खुशी से जब फोन से शिकायत की गई तो उन्होंने भी गाली-गलौज करते हुए इसी तरह वीडियो और फोटो डालते रहने को कहा। थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि युवती की तहरीर पर दहेज प्रतिषेध अधिनियम व अश्लील फोटो वीडियो बनाकर बदनाम करने जैसी धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।