बांदा। बहन के साथ मारपीट कर जेवर छीनने की शिकायत पुलिस से करने पर बहन के पति ने अपने साले पर गुंडों से जानलेवा हमला कराया। जिससे वह गंभीर घायल हो गया। उसने आरोपी बहनोई समेत तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के क्योटरा मुक्तिधाम निवासी रवि कुमार उर्फ कामता ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसने अपनी बहन आरती सेन की शादी हमीरपुर के गुसियारी गांव निवासी गनेश कुमार के साथ की थी। उसकी बहन आरती को उसके पति व अन्य ससुरालियों ने 10 अगस्त 2023 को मारपीट कर जेवर छीनकर घर से भगा दिया था। इस पर उसने बहन के पति व अन्य ससुरालियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत की थी। इसी खुन्नस को लेकर 23 नवंबर 2024 को क्योटरा पेट्रोल पंप के पास उसके बहन के पति व अज्ञात लोगों ने लोहे की राॅड व हाकी डंडों से मारा पीटा। कोतवाली में तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।