बांदा। संविधान दिवस पर जिला अधिवक्ता संघ ने 50 वर्ष से अधिक वकालत कर चुके अनुभवी और बुजुर्ग अधिवक्ताओं को सम्मानित किया। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के चेयरमैन जानकीशरण पांडेय विशेष रूप से मौजूद रहे।
संत कृपाल सिंह विधि महाविद्यालय, लामा द्वारा आयोजित समारोह में बार काउंसिल चेयरमैन ने कहा कि बार और बेंच के संबंध न्याय पालिका क्षेत्र में बहुत महत्वपूर्ण हैं। जनपद न्यायाधीश गजेंद्र कुमार ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में निहित अर्थ को अन्य देशों के संविधान से तुलना कर सभी को अवगत कराने और विधि के शासन पर अमल की जरूरत है।
संत कृपाल महाविद्यालय निदेशक डॉ. मोहम्मद जफर ने महाविद्यालय द्वारा किए जा रहे विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक और रचनात्मक कार्यों के बारे में बताया। बार काउंसिल चेयरमैन ने वरिष्ठ और 50 वर्षों से अधिक सेवाएं कर चुके अधिवक्ता मनमोहन सिंह, दीपक गुप्ता, बाबूलाल कुशवाहा, मिर्जा यावर हुसैन और प्रमोद श्रीवास्तव को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। विधि महाविद्यालय सचिव यश शिवहरे ने उन्हें स्मृतिचिह्न भेंट किए।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संजय सिंह, जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अवधेश कुमार गुप्ता (खादीवाला), महासचिव कैलाश सिंह, पूर्व अध्यक्ष अशोक त्रिपाठी जीतू, आनंद सिन्हा, शंकर सिंह, राकेश सिन्हा, जागेश्वर यादव, कालका गुप्ता, ब्रम्हानंद पांडेय सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे। समारोह का संचालन एडीजीसी रोहन सिन्हा ने किया। महाविद्यालय निदेशक ने सभी का आभार जताया।