बांदा प्लेटफार्म का रेलवे एसपी ने किया निरीक्षण। ।
- फोटो : स्रोत- पुलिस
बांदा। महाकुंभ मेला के स्नान पर्व की तिथियों पर चलने वाली मेला स्पेशल ट्रेनों में जीआरपी और आरपीएफ से समन्वय स्थापित कर स्कॉर्ट बढ़ाया जाएगा। यह विशेष व्यवस्था स्नान के लिए प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर की जा रही है। वर्तमान में बांदा से गुजरने वाली आठ ट्रेनों में स्कॉर्ट चल रहा है। मकर संक्रांति से यह बढ़कर 14 ट्रेनों में हो जाएगा। प्रत्येक ट्रेन में दो-दो सिपाही स्कॉर्टके रूप में तैनात रहेंगे। उधर, ट्रेनों में लगने वाले महिला कोच में सिविल पुलिस के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे महिला यात्री कोई जोखिम न उठा सकें।
यह बात बांदा जीआरपी थाने में आए पुलिस अधीक्षक रेलवे झांसी, विपुल कुमार श्रीवास्तव ने रविवार को कहीं। उन्होंने बताया कि स्नान पर्व की प्रमुख तिथियां जैसे मकर संक्रांति, बसंत पंचमी, महाशिवरात्रि में दो दिन पहले से प्लेटफार्म में सर्तकता बरतनी शुरू हो जाएगी। रेलवे आउटर, साइडों व रेल ट्रैक पर पुलिस की निगरानी रहेगी। बांदा से गुजरने वाली मेला स्पेशल ट्रेनों व अन्य ट्रेनों में जीआरपी व आरपीएफ के समन्वय से दो-दो सिपाहियों का स्कॉर्ट ट्रेनों में यात्रियों के साथ चलेगा।
उन्होंने जीआरपी थाना बांदा का निरीक्षण किया। थाना कार्यालय के रिकार्ड, अभिलेखों, रजिस्टरों को चेक किया गया। लंबित विवेचनाओं के निस्तारण के संबंध में दरोगाओं को हिदायत दी गई। एसपी रेलवे जीआरपी ने जीआरपी थाना इंस्पेक्टर नवेंदु शेखर अग्निहोत्री को आवश्यक निर्देश दिए गए। कहा कि मेला के लिए जो अतिरिक्त जवान मिलेंगे उनकी ड्यूटी निर्धारित की जाएगी।