अधिकारियों की बैठक संबोधित करतीं शासन द्वारा नामित महिला अधिकारी जसजीत कौर। साथ में नीतू चंद्रा
- फोटो : BANDA
फोटबांदा। मुख्यमंत्री द्वारा जनपद के लिए नामित की गईं वरिष्ठ महिला अधिकारियों की तीन सदस्यीय टीम ने शुक्रवार को यहां अपने पहले भ्रमण में अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिला कल्याण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा संचालित की जा रहीं योजनाओं को पूरी गंभीरता से लें। इसमें लापरवाही या गड़बड़ी को शासन स्तर पर गंभीरता से लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव ने हरेक जनपद में तीन महिला अधिकारियों को नामित किया है। बांदा के लिए जसजीत कौर (आईएएस) और नीता चंद्रा (पीसीएस) तथा वंदिता श्रीवास्तव (पीसीएस) हैं। तीनों महिला अफसरों ने कलक्ट्रेट सभागार में बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला कल्याण से संबंधित योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा प्रचार हो और अधिक से अधिक महिलाओं को लाभ मिले।
जसजीत कौर ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित कन्या सुमंगल योजना की समीक्षा में प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिया कि पात्र बालिकाओं का ज्यादा से ज्यादा रजिस्ट्रेशन कर उन्हें लाभ दिलाएं। स्वास्थ्य, बेसिक शिक्षा और कार्यक्रम विभाग इसमें सहयोग करें। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बालिका शिक्षा, बालिका भ्रूण हत्या इत्यादि योजनाओं को भी पूरी गंभीरता से लागू करने के निर्देश दिए।
सीएमओ को निर्देश दिया कि हर स्कूल में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराएं। पुष्टाहार वितरण की समीक्षा की। टीम सदस्य नीता चंद्रा ने महिला सुरक्षा से संबंधित 181 हेल्पलाइन, यूपी-100 और 1090 हेल्पलाइन की समीक्षा की। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि घरेलू हिंसा की शिकायतों की रिपोर्ट अवश्य दर्ज की जाए। बैठक में एडीएम संतोष बहादुर सिंह, सीडीओ हरिश्चंद्र वर्मा, एडीएम न्यायिक संजय कुमार, एएसपी एलबीके पाल, सीएमओ डा.संतोष कुमार, सीएमएस डा. ऊषा सिंह, बीएसए हरिश्चंद्र नाथ सहित अन्य विभागों के अधिकारी शामिल रहे।