बांदा। बिसंडा पुलिस ने पेट्रोल पंप से हुई 70 लीटर पेट्रोल की चोरी में आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से 70 लीटर पेट्रोल, चार प्लास्टिक की पिपिया और मारुति कार बरामद हुई।
बिसंडा थाना क्षेत्र के कस्बा ओरन निवासी हिमांशु ने 14 नवंबर की रात बिसंडा थाने में पेट्रोल चोरी करने की तहरीर दी थी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपी की तलाश की। रविवार को पुलिस सिंहपुर रोड पर घेराबंदी कर चित्रकूट के पहाड़ी थानाक्षेत्र के बारामाफी गांव निवासी श्यामराज को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पेट्रोल पंप की मशीन संचालित कर दो बार पेट्रोल चोरी करने की बात स्वीकारी है। गुडवर्क में थानाध्यक्ष चंद्रप्रकाश तिवारी, ओरन चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक बुद्धिसागर, कांस्टेबल सौरभ शास्त्री और आदर्श सिंह शामिल रहे।