नरैनी। सड़क निर्माण में लगे चार मजदूरों को शनिवार की रात निर्माण स्थल पर सोते समय बेकाबू ट्राला ट्रक ने कुचल दिया। दुर्घटना में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सड़क निर्माण करा रही कंपनी के इंजीनियर ने ट्रक छोड़कर फरार हो गए अज्ञात चालक के विरुद्ध लापरवाही से ट्रक चलाने सहित कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। सीमावर्ती मध्य प्रदेश के कालिंजर मार्ग पर सिद्धार्थ कंट्रक्शन कंपनी द्वारा फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण में लगे मजदूर काम खत्म करने के बाद रोजमर्रा की तरह शुक्रवार की रात सुखना नाला के पास सड़क किनारे अपने अस्थायी बनाए अड्डे में सो रहे थे। रात करीब 12 बजे सीमेंट लेने नरैनी से सतना जा रहे तेज रफ्तार ट्राला ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। जनपद लखीमपुर खीरी के थाना अंबरशोत बरई गांव निवासी इंद्रपाल के बेटे आशीष (28) की मौके पर मौत हो गई, जबकि रामजी, सरोज और संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। यह तीनों भी लखीमपुर के रहने वाले हैं।
सूचना मिलते ही निर्माण कंपनी के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को एंबुलेंस से नरैनी सीएचसी भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया गया। आशीष के शव को पुलस ने पोस्टमार्टम के लिए बांदा मेडिकल कॉलेज भेजा। चालक ट्राला ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। कंपनी के इंजीनियर धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कालिंजर थाने में अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष रामजी ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक की तलाश के लिए दो टीमें लगाई गई हैं।
------------------
(फॉलोअप)
बिना रिपोर्ट दर्ज दाह संस्कार से मना किया
तीन घंटे परिजन रखे रहे किशोर का शव, आश्वासन पर माने
संवाद न्यूज एजेंसी
ओरन। बालू खदान का टीला ढहने सें दबकर मरे 16 वर्षीय किशोर के परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज किए बिना दाह संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिजन तीन घंटे तक शव को घर पर ही रखे रहे। क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारी ने तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन दिया। इसी के बाद परिजनों ने दाह संस्कार किया।
बदौसा थाना क्षेत्र के भदावल गांव में शुक्रवार को रामदास का बेटा नत्थू (15) की बागे नदी बालू खदान के पास बालू टीला ढहने से दबकर मौत हो गई थी। उसके चार अन्य साथी घायल हो गए थे। शुक्रवार को देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने बालू खदान वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किए बिना दाह संस्कार करने से इनकार कर दिया।
नत्थू के चाचा धर्मराज का आरोप था कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन मकान के लिए बालू लेने गए थे। उन्हें खदान संचालकों ने दौड़ा लिया और वह जान बचाकर बालू के टीले के नीचे छिप गए। तभी टीला ढहने से पांचों दब गए। मृतक के पिता रामदास ने बताया कि सीओ अतर्रा व बदौसा थाना प्रभारी कन्हैयालाल ने तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन दिया है। तभी अंतिम संस्कार किया गया है। थानाध्यक्ष का कहना है कि जांच की जा रही है।
---------------------
बाइक से गिरकर महिला की मौत
बांदा। हमीरपुर जनपद के पतारा गांव निवासी कृपाल की पत्नी चमेली (45) कोतवाली देहात के पडुई गांव (मायके) आई थी। शनिवार को दोपहर बेटे कल्लू के साथ बाइक पर वापस गांव जा रही थी। लामा गांव के पास वह बाइक से गिरकर घायल हो गई। बेटे ने ग्रामीणों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका के तीन बेटे व एक बेटी है। पति खेती किसानी करता है। (संवाद)
-------------------
किशोरी समेत दो लोगों ने जहर खाया
बांदा। अलग-अलग घटनाओं में किशोरी समेत दो ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। चिल्ला थाना क्षेत्र के पलरा गांव निवासी शिरोमणि का बेटा आनंद और तिंदवारी थाना क्षेत्र के गड़ौली निवासी कामता की बेटी सोनम ने शुक्रवार की रात जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। परिजन घटना की वजह नहीं बता सके। (संवाद)
-------------------
दहेज हत्या में सास-ससुर गिरफ्तार
बांदा। दहेज हत्या के आरोपी सास-ससुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। बदौसा क्षेत्र के बगीचा पुरवा (दुबरिया) में 25 फरवरी 2020 की रात शबाना (23) ने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। हालांकि, परिजनों ने दहेज हत्या बताई थी। मृतका के भाई अबरार खां ने पति सहित सास-ससुर आदि पांच ससुरालियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने पति को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। शनिवार को सास सम्मो और ससुर कुद्दूस को भी गिरफ्तार कर लिया। (संवाद)