शादी का कार्ड दिखाता मृतक संतोष का पिता रामगोपाल।
- फोटो : BANDA
बांदा। जहां बरात की तैयारी हो रही थी, वहां अर्थी उठाई गई। बरात पर रवानगी से चंद घंटे पहले दूल्हे की सड़क हादसे में हुई मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। दूल्हा मातृका पूजन में अपने चाचा को लेने गया था। बाइक से लौटते समय हादसे का शिकार हो गया।
घटना कालिंजर थाना क्षेत्र के भटेउरा गांव के पास गुरुवार रात की है। चुनकाई पुरवा (नीबी) गांव निवासी संतोष राजपूत (20) पुत्र रामगोपाल शाम को तिलक में मिली बाइक पर चाचा को लिवाने बरछा चौकी (गुढ़ा, नरैनी) गांव गया था। चाचा के टेंपो से निकल आने पर संतोष बाइक से अकेले घर लौट रहा था।
भटेउरा गांव में नहर पुलिया के पास सामने से आ रहे वाहन की रोशनी से असंतुलित होकर बाइक समेत नहर में जा गिरा। ग्रामीणों की सूचना पर मौसा किशन और भाई श्यामबाबू मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
मातृका पूजन के दिन और बरात से एक दिन पूर्व हादसे में दूल्हे की मौत की खबर से संतोष और वधू पक्ष के घरों में शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। किसान पेशा पिता ने बताया कि संतोष की बरात शुक्रवार को गोखिया (नरैनी) गांव रामेश्वर के घर जानी थी। घर में बरात की तैयारियां चल रही थीं। यह भी बताया कि संतोष दो भाइयों में छोटा था। मजदूरी करता था। दो दिन पहले तिलक में उसे बाइक मिली थी।