अतर्रा। बाजार से घर लौट रहे बाइक सवार युवकों को बेकाबू ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि मृतक का चचेरा भाई घायल हो गया। पुलिस ने उसे गंभीर हालत में सीएचसी पहुंचाया। दुर्घटना के बाद राहगीरों के पीछा करने पर चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
थाना क्षेत्र के महुटा पुलिस चौकी अंतर्गत जरैला पुरवा निवासी कोमलराम यादव का बेटा छोटूराम यादव (28) रविवार को सुबह अपने चचेरे भाई रविकरण के साथ बाइक पर थ्रेसर मशीन का पट्टा और घरेलू सामान खरीदने बाजार आया था। खरीदारी करके घर वापस जा रहा था।
नरैनी रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास नरैनी की तरफ जा रहे ईंट भरे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार गिर गए। बाइक चला रहा छोटूराम ट्रक के पहियों की चपेट में आ गया। उसकी वहीं मौत हो गई। पीछे बैठा चचेरा भाई रविकरण घायल हो गया।
उसने मोबाइल से घरवालों को घटना की सूचना दी। पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया है। उधर, दुर्घटना के बाद भाग रहे ट्रक का राहगीरों और व्यापारियों ने पीछा किया, लेकिन कुछ दूर पर चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। दरोगा सूरज पांडेय ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल रविकरण ने बताया कि मृतक दो भाइयों में बड़ा और अविवाहित था। पिता के साथ खेतीबाड़ी में हाथ बंटाता था। छोटा भाई चुन्नू भी खेतीबाड़ी में सहयोग करता है।