बांदा। यूपी बोर्ड परीक्षा के प्रस्तावित केंद्रों में आई 42 आपत्तियों का शनिवार को डीएम की अध्यक्षता में गठित जनपद स्तरीय समिति निस्तारण करेगी। कुछ नए केंद्र प्रस्तावित किए जा सकते हैं। कुछ हटाए भी जा सकते हैं।
जनपद में इस बार 62 केंद्र प्रस्तावित हैं। आपत्तियों में कुछ आवासीय विद्यालयों से भी संबंधित हैं। नियमानुसार आवासीय विद्यालयों को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जा सकता। केंद्रों में दो आवासीय विद्यालय भी शामिल हैं। सीसीटीवी कैमरे, दिव्यांग रैंप, बालक-बालिका शौचालय, पानी, चहारदीवारी जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी समिति अपना निर्णय लेगी। जो भी कॉलेज इन सभी बिंदुओं से लैस होंगे वहीं परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। उधर, केंद्र में परीक्षार्थी संख्या का मानक बढ़ाए जाने से अब कुछ और नए केंद्र प्रस्तावित किए जा सकते हैं।
समिति में जनपद के सभी एसडीएम, डीआईओएस, बीएसए और दो प्रधानाचार्यों को शामिल किया गया है। इस वर्ष हाईस्कूल व इंटर में कुल 39,959 परीक्षार्थी शामिल होंगे। हाईस्कूल में 22,718 जिनमें बालक 12,688 व बालिका 10,030 हैं। इंटर में 17,241 परीक्षार्थियों में बालक 9605 व बालिकाएं 7636 हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद सिंह ने बताया कि समिति द्वारा निर्णय के बाद परीक्षा केंद्रों को अंतिम रूप दिया जाएगा।