बांदा। नशे बाजी में कुल्हाड़ी से दरवाजा फाड़कर घुसे खानदानियों ने घर के अंदर युवक पर जानलेवा हमला किया। छीना झपटी में युवक को चाकू भी मार दिया। पुलिस के आने पर आरोपी भाग निकले।
देहात कोतवाली क्षेत्र के पचनेही गांव निवासी राममिलन यादव ने देहात कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि 28 जनवरी की रात 10 से 11 बजे के बीच उनके पारिवारिक भाई चंद्रपाल यादव व उसके बेटे अंकित व जीतू अपने साथ मध्य प्रदेश के करीब आठ नौ युवकों को लेकर उसके घर पर हमला बोल दिया।
दरवाजे को कुल्हाड़ी से फाड़ने के बाद घर के अंदर घुस आए और उसके साथ मारपीट की। उसे खींचकर साथ ले जाने का प्रयास किया। इस बीच आरोपी अंकित ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इस बीच उसकी पत्नी व बेटों ने आकर उसे बचाया। तहरीर के आधार पर देहात कोतवाली पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्रों व नौ अज्ञात पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। देहात कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार ने बताया कि नशेबाजी को लेकर एक ही परिवार के दो पक्ष भिड़े हैं। एक पक्ष ने दूसरे पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
तमंचे के साथ एक गिरफ्तार
बबेरू। मरका थाना क्षेत्र के साड़ा गांव के पास तमंचे के साथ घूम रहे शारदा नगर निवासी सुशील पाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक तमंचा 315 बोर व एक चोरी का मोबाइल बरामद किया है। एसआई रमेश कुमार मौर्य ने यह जानकारी दी है। संवाद