बांदा। क्रिकेट खेलने के विवाद में शुक्रवार की रात दो युवकों ने युवक पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घटना कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर छिपटहरी मोहल्ले में हुई। युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
किराने की गुमटी किए फैसल (19) ने बताया कि वह छिपटहरी मोहल्ले में रहता है। गुरुवार को मोहल्ले के अयान, अनस समेत चार युवकों से क्रिकेट खेलने को लेकर झगड़ा हो गया था। शुक्रवार की रात वह शेख सरवर साहब की मस्जिद के पास स्थित परचून की दुकान की गुमटी में बैठा था। तभी अयान व अनस कोतवाली की ओर से बाइक से आए और उसे दुकान से खींच लिया और उसे लात घूंसों से पीटकर ताबड़तोड़ पेट में चाकू मार दिए। गंभीर रूप से घायल फैसल को पुलिस और मोहल्लेवासियों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
सीओ सिटी राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि घायल की तहरीर पर कोतवाली में अयान और अनस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने अनस को गिरफ्तार कर लियाहै। घायल का जिला अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।