बांदा। पथरी की बीमारी से परेशान युवक ने जान दे दी। उसका शव खेत में लगे पेड़ में लुंगी से लटका मिला। पुलिस ने बताया कि मरने वाले की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। इस कारण वह पथरी का इलाज भी नहीं करा पा रहा था।
कमासिन थाना क्षेत्र के छिलोलर गांव निवासी रज्जन (40) का शव घर से दो किलोमीटर दूर महुवा के पेड़ में लुंगी से लटका मिला। चाचा रामकृपाल ने बताया कि कुछ दिन से रज्जन की तबीयत खराब चल रही थी। इलाज कराने के लिए रुपयों का इंतजाम करने की परेशानी में वह घर से रात में निकल गया था। कमासिन थाना इंस्पेक्टर ऋषिकेश सिंह ने बताया कि परिजन इलाज के लिए पैसो का इंतजाम न हो पाने की बात कह रहे हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। (संवाद)