बांदा। ममेरे भाई के साले की शादी में शामिल होने गए एक युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। घटना महोबा जिले के कुलकुआं गांव की है, जहां जनवासे के बाहर युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। जिसे जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
फतेहपुर जिले के जाफरगंज थाना क्षेत्र के मौहारी गांव निवासी 34 वर्षीय जयकरन अपने ममेरे भाई के साले दीनू की शादी में शामिल होने महोबा जिले के कुलकुआं गया था। देर रात किसी समय जनवासे के बाहर उसे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। कुछ समय बाद जब अन्य बराती वहां पहुंचे तो जयकरन को जमीन पर पड़ा देखा और तुरंत परिजनों को सूचना दी।
आनन-फानन में परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मृतक के चाचा केके सिंह ने बताया कि जयकरन की अपनी शादी 1 मई को तय थी। वह दो भाइयों में बड़ा था। उसकी असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।