चित्रकूट। शहर के अस्थायी रोडवेज बस स्टैंड पर गुरुवार की शाम को एक महिला का दो टप्पेबाजों ने बैग पार कर दिया। महिला रक्षाबंधन मनाने के लिए इंदौर से आकर अपने भाई के घर खागा फतेहपुर जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी।
इंदौर के मुखर्जी नगर निवासी ममता तिवारी ने बताया कि गुरुवार को ट्रेन से बाया प्रयागराज होकर चित्रकूट कर्वी रेलवे स्टेशन उतरी। इसके बाद भाई के घर खागा जाने के लिए कर्वी बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही थी। इसी बीच उसके पास दो युवक आए और अचानक उसका बैग छीनकर भाग गए। बैग में दो मोबाइल व नकद तीन हजार रुपये थे।
महिला ने आराेप लगाया कि बस स्टैंड पर वह मदद के लिए चिल्लाती रही लेकिन न तो कहीं पुलिस दिखी और न किसी ने टप्पेबाजों को पकड़ने का प्रयास किया। कोतवाली में तहरीर देकर महिला ने आरेापियों को पकड़ने और बैग दिलवाने की मांग की है। इस संबंध में कोतवाल उपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। महिला के साथ बस स्टैंड के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर टप्पेबाजों की तलाश की जा रही है।