संवाद न्यूज एजेंसी
खत्री पहाड़। गिरवां थाना क्षेत्र के कोलावल रायपुर बालू खदान स्थित नदी में महिला की गहरे गड्ढे में डूबकर मौत हो गई। ग्रामीणों और पुलिस ने शव पानी से निकाला।
अमर सिंह ने बताया कि मां आशा (54) मंगलवार को दोपहर कोलावल रायपुर बालू खदान में जानवरों को चारा पानी कराने गईं थीं। भैंस गहरे पानी में चली गईं। भैंसों को निकालने के लिए पानी में उतरीं तो पैर फिसल जाने से गहराई में समा गईं। वहां मौजूद चरवाहे राजू ने देखा तो ग्रामीणों को बताया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकाल लिया है। बताया कि बालू ठेकेदारों ने लिफ्टर मशीनों का इस्तेमाल करके नदी से नीचे तक की बालू निकाली है, जिससे नदी में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। उन्हीं गड्ढे में डूबकर मां की मौत हुई है। पिता रामदास का निधन हो चुका है। दो पुत्र हैं। गिरवां थानाध्यक्ष चंद्रप्रकाश तिवारी ने बताया कि पानी से भैंस को निकालने में हादसा हुआ है।