जसपुरा। घर की फर्श पर सो रहे किशोर को शनिवार की रात सांप ने डस लिया। परिजन उसे लेकर जसपुरा सीएचसी पहुंचे। उसे डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन जिला अस्पताल ले जाने की बजाय गांव में ही झाड़फूंक कराने लगे। इससे किशोर की मौत हो गई।
जसपुरा थाना क्षेत्र के गड़रिया गांव निवासी चुन्नू निषाद ने बताया कि बेटा कालका प्रसाद (13) शनिवार की रात 10 बजे घर के कमरे में फर्श पर सो रहा था। सांप ने डस लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। उसे लेकर जसपुरा सीएचसी ले गए। डॉक्टरों ने रात में ही रेफर कर दिया। पिता ने बताया कि वह जिला अस्पताल न ले जाकर गांव में ही झाड़फूंक करने वाले के पास ले गए। वहां बेटे ने दम तोड़ दिया।
पिता घर में ही परचून की दुकान किए हैं। कालका पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। मां रामरती हैं। कालका जूनियर हाईस्कूल गड़रिया में कक्षा छह का छात्र था। जसपुरा थाना इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि सर्प दंश से मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।