- जसपुरा के बरेहटा में गोबर डालने के विवाद में महिला की हत्या का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। जसपुरा थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला की हसिया से वार कर हत्या कर दी गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में महिला की मौत हसिया के वार से पसली टूटने और फेफड़ा कटने से होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
जसपुरा थाना क्षेत्र के बरेहटा गांव के फकीरा डेरा निवासी राजबहादुर ने बताया कि शुक्रवार दोपहर उनके पुत्र दिव्यांश और पुत्री खुशबू खेत जा रहे थे। तभी दिव्यांश के चाचा रामबहादुर ने नशे में उन्हें रोककर दो थप्पड़ मार दिए। सूचना मिलने पर राजबहादुर की पत्नी गीता अपने बड़े पुत्र अनिल के साथ मौके पर पहुंची। उन्होंने रामबहादुर के घर में उलाहना दिया, जिससे विवाद बढ़ गया। विवाद बढ़ने पर रामबहादुर ने अपनी भाभी गीता पर हसिया से वार कर दिया। हंसिया का वार गीता की पीठ पर ढाई अंगुल गहरा लगा, जिससे उनकी पसली टूट गई और फेफड़ा कट गया। इससे गीता की मौके पर ही मौत हो गई।
मुख्य आरोपी हिरासत में, अन्य की तलाश राजबहादुर निषाद की तहरीर पर जसपुरा थाने में आरोपी रामबहादुर, उसकी पत्नी राधा, बड़े भाई शिवलोचन, उसकी पत्नी सखिया और पुत्र राजू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी रामबहादुर को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। जसपुरा थाना इंस्पेक्टर ऋषिदेव सिंह ने बताया कि घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस नजर बनाए हुए है। पुलिस शेष आरोपियों की तलाश कर रही है, क्योंकि यह मामला पारिवारिक है।