बांदा। घर में अकेली किशोरी ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे नरैनी सीएचसी फिर रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के हड़हा गांव के प्रधान अफसर अली ने बताया कि उसकी पारिवारिक भतीजी नौरीन (15) ने सोमवार रात जहर खा लिया था। घटना के समय उसके पिता खालिक व मां नूरजहां अपने खेत में धान की बेड़ लगाने गए थे। लौटने पर उन्हें नौरीन की हालत बिगड़ी हुई मिली। वह पहले उसे नरैनी सीएचसी ले गए। वहां से उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज लाया गया। वहां इलाज के दौरान उसने मंगलवार रात दम तोड़ दिया। वह जहर खाने का कारण नहीं बता सके।
उन्होंने यह भी शंका जताई कि घर में अकेली होने की वजह से वह यह बता नहीं पाई कि उसने खुद जहर खाया या किसी ने खिला दिया। पिता के पास ढाई बीघा जमीन है। एक भाई वह भी छोटा है। नरैनी कोतवाली इंस्पेक्टर राममोहन राय ने बताया कि डॉक्टरों के मुताबिक जहर खाने से मौत हुई है। परिजन कोई ठोस वजह नहीं बता पा रहे। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।