- रोजगार मेले में 17 कंपनियों ने परखी युवाओं की योग्यता
- 800 ने कराया पंजीकरण, नौकरी मिलने से खिले चेहरे
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। दिवाली से पहले नौकरी मिलने की खुशी ने युवाओं की त्योहार की रौनक बढ़ा दी। पंडित जेएन डिग्री कॉलेज परिसर में बृहस्पतिवार को आयोजित वृहद रोजगार मेले में 573 युवाओं को नौकरी का मौका मिला। 17 कंपनियों ने हिस्सा लेकर करीब 800 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया।
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित मेले में प्रदेश सहित देश के अन्य हिस्सों से आई कंपनियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता परखी। पंजीकरण कराने के बाद युवाओं ने साक्षात्कार में हिस्सा लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने शैक्षिक योग्यता और क्षमता के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की। इसमें 573 अभ्यर्थियों को अलग-अलग पदों के लिए चुना गया। दिवाली से ठीक पहले नौकरी मिलने से चयनित युवाओं में खासा उत्साह रहा। सहायक निदेशक सेवायोजन वकील अहमद अंसारी, जिला सेवायोजन अधिकारी मोहित जायसवाल आदि मौजूद रहे।