फोटो - 13 खरोंच गांव में वीरान पड़ा जेई रामभवन का मकान। संवाद
नरैनी (बांदा)। बच्चों के यौन शोषण मामले में फांसी की सजा पाए निलंबित जेई रामभवन काली कमाई से बांदा शहर के मोहल्ला गुलाब नगर में करीब 5 करोड़ की लागत से पांच मंजिला बंगला बनवा रहा था। हालांकि सीबीआई की गिरफ्त में आने के बाद नवंबर 2020 में निर्माणाधीन मकान का काम रुक गया। स्थानीय लोगों के अनुसार मकान पर लाखों रुपये खर्च किए जा चुके थे और एक मंजिल का निर्माण पूरा हो चुका था। निर्माण कार्य ससुराल पक्ष के एक रिश्तेदार की देखरेख में कराया जा रहा था। मुहल्ले में दोनों मकान आसपास ही बताए जाते हैं, जिससे लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ था। बताया जाता है कि जनवरी माह में दो बिस्वा जमीन खरीदी गई थी और फरवरी से निर्माण कार्य शुरू करा दिया था। इसके बाद लगातार आठ – नौ महीने तक तेजी से काम चलता रहा था। हालांकि, सीबीआई की कार्रवाई के बाद निर्माण कार्य पर रोक लग गई और तब से मकान अधूरा पड़ा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अचानक बंद हुए इस निर्माण कार्य ने उस समय भी कई सवाल खड़े किए थे। अब मामले में सजा सुनाए जाने के बाद फिर से बंगले और उसकी लागत को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिलहाल, अधूरा पड़ा यह भवन क्षेत्र में लोगों के बीच आरोपी की अवैध कमाई और जांच एजेंसियों की कार्रवाई की याद दिलाता नजर आता है।
फोटो - 13 खरोंच गांव में वीरान पड़ा जेई रामभवन का मकान। संवाद