बांदा। एक ओर परिषदीय विद्यालयों को स्मार्ट बनाने का सपना देखा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जिले के 54 हजार बच्चों के हिस्से में ठंडी जमीन और टाट-पट्टी आ रही है। सर्दी के मौसम में भी इन बच्चों को मेज-कुर्सियों के बजाय जमीन पर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है।
बेसिक शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले के करीब 900 प्राथमिक विद्यालयों में फर्नीचर की व्यवस्था नहीं है। विभाग ने करीब डेढ़ माह पहले फर्नीचर उपलब्ध कराने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था, लेकिन अब तक मंजूरी नहीं मिली है।
जिले में कुल 1725 परिषदीय विद्यालय हैं। इनमें 1083 प्राथमिक विद्यालय संचालित हैं। करीब 900 प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों के बैठने के लिए मेज-कुर्सियां नहीं हैं। इन विद्यालयों में लगभग 54 हजार बच्चे पंजीकृत हैं।
इन्हें टाट-फट्टी, दरी और चटाई पर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती है। वहीं, 361 उच्च प्राथमिक और 281 कंपोजिट विद्यालयों में शत-प्रतिशत फर्नीचर उपलब्ध होने का विभाग दावा कर रहा है। पड़ताल में कई विद्यालयों में पुराना फर्नीचर टूटा और जर्जर मिला। खत्री पहाड़, तिंदवारी, नरैनी और अतर्रा क्षेत्र के स्कूलों में बच्चे जमीन पर बैठकर पढ़ते मिले।
-
सीन-1
फोटो-10-प्राथमिक विद्यालय काजीपुर में चटाई पर बैठे बच्चे। संवाद
फर्नीचर आया, लेकिन कबाड़ में पड़ा
खत्री पहाड़ के पूर्व माध्यमिक विद्यालय शेरपुर में उपलब्ध कराया गया फर्नीचर खराब होने के कारण कबाड़ में पड़ा है। यहां बच्चे जमीन पर बैठकर पढ़ाई करते हैं। प्राथमिक विद्यालय काजीपुर के प्रधानाध्यापक संजय चौरसिया ने बताया कि विद्यालय में कभी फर्नीचर आया ही नहीं। बच्चे फट्टी बिछाकर बैठते हैं। पीएमश्री कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय बरईमानपुर में कक्षा तीन, चार और पांच के बच्चों के लिए फर्नीचर है, जबकि कक्षा दो के बच्चे चटाई पर बैठते हैं।
-
सीन-2
फोटो-11-प्राथमिक विद्यालय पुरानी तिंदवारी में टाट पर बैठे बच्चे। संवाद
तिंदवारी के तीनों स्कूलों में टाट-फट्टी सहारा
तिंदवारी के प्राथमिक विद्यालय पुरानी तिंदवारी, प्राथमिक विद्यालय भाग-दो और प्राथमिक विद्यालय भाग-एक में बच्चों के बैठने के लिए फर्नीचर नहीं है। तीनों विद्यालयों में बच्चे टाट-फट्टी और दरी बिछाकर पढ़ाई करते हैं। सर्दी में भी उनके लिए मेज-कुर्सियों का इंतजाम नहीं हो सका है।
-
सीन-3फोटो-12-कंपोजिट विद्यालय शंकरपुरवा में टाट पर बैठे बच्चे। संवाद
224 बच्चों के लिए टूटी मेज-कुर्सियां
अतर्रा तहसील क्षेत्र के बसरेही गांव स्थित शंकरपुरवा कंपोजिट विद्यालय में 224 बच्चे पंजीकृत हैं। इनमें कक्षा एक से पांच तक के 119 बच्चे टाट-फट्टी पर बैठते हैं। कक्षा छह से आठ तक के 105 बच्चे टूटी मेज-कुर्सियों से काम चलाते हैं। प्रधानाध्यापक मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि उच्च प्राथमिक कक्षाओं के लिए फर्नीचर आया था, लेकिन प्राथमिक कक्षाओं के लिए नहीं मिला। अभिभावकों के अनुसार करीब पांच साल पहले आया फर्नीचर भी जर्जर हो चुका है।
-
सीन-4फोटो-13-प्राथमिक विद्यालय रामनगर में चटाई पर बैठे बच्चे। संवाद
नरैनी में जमीन पर बैठे मिले बच्चे
नरैनी बीआरसी परिसर स्थित प्राथमिक विद्यालय प्राचीन में फर्नीचर नहीं होने से बच्चे जमीन पर बैठकर पढ़ाई करते हैं। पड़ताल के दौरान सुबह करीब साढ़े 11 बजे विद्यालय में कोई शिक्षक मौजूद नहीं था। जानकारी के अनुसार प्रधानाध्यापिका चिकित्सीय अवकाश पर थीं और तीन शिक्षक जनगणना ड्यूटी में लगाए गए थे। विद्यालय के एक शिक्षक बीएलओ होने के कारण तहसील में काम से गए थे। परिसर में कुछ बच्चे खेलते मिले तो कुछ धूप में बैठे थे। प्राथमिक विद्यालय रामनगर में कक्षा एक, दो और तीन के बच्चों को एक साथ बैठाया गया था। यहां भी बच्चे जमीन पर बैठकर पढ़ाई करते मिले।
-
जिले के 900 प्राथमिक विद्यालयों में फर्नीचर नहीं है। सर्दी से पहले ही इसकी मांग शासन को भेज दी गई थी, लेकिन अब तक बजट नहीं मिला है। फिलहाल उपलब्ध संसाधनों से काम चलाया जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही विद्यालयों के लिए फर्नीचर का बजट उपलब्ध हो जाएगा।
- अव्यक्तराम तिवारी, बीएसए।
फोटो-10-प्राथमिक विद्यालय काजीपुर में चटाई पर बैठे बच्चे। संवाद
फोटो-10-प्राथमिक विद्यालय काजीपुर में चटाई पर बैठे बच्चे। संवाद
फोटो-10-प्राथमिक विद्यालय काजीपुर में चटाई पर बैठे बच्चे। संवाद