बांदा। दिवाली पर्व को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। जिला अस्पताल में बर्न वार्ड के अलावा 15 बेड का आई वार्ड सृजित किया गया है। मेडिकल कॉलेज में 10-10 बेड आरक्षित हैं। ट्रॉमा सेंटर 24 घंटे संचालित रहेगा। शिफ्टवार तीन ईएमओ तैनात रहेंगे।
दिवाली पर जिला अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए 15 बेड का आई वार्ड सृजित किया गया है। जिला अस्पताल में एक जनरल सर्जन, फिजिशियन, ईएनटी सर्जन, नेत्र सर्जन की ऑन कॉल ड्यूटी रहेगी। इसके अलावा पैरामेडिकल, नर्सिंग, फार्मासिस्ट भी तैनात रहेंगे। ऑक्सीजन सिलिंडर व दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रहेगा।
जिले में 108 की 23 एंबुलेंस, व 102 की 21 एंबुलेंस अपने हॉट स्पॉट में मौजूद रहेंगी। एंबुलेंस रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, पपरेंदा, चिल्ला, बबेरू, कमासिन, अतर्रा चुंगी, अतर्रा बाईपास, मुरवल, बिसंडा, बदौसा, कालिंजर, नरैनी, जसपुरा, पैलानी, मवई बाईपास पर तैनात रहेंगी।
उधर, रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में सभी विभागों में 10-10 बेड आरक्षित किए गए हैं। इसमें हड्डी, मेडिसिन, पीडियाट्रिक, स्त्री रोग विभाग आदि में बेड आरक्षित किए गए हैं। ड्यूटी रोस्टर बना लिया गया है। ड्यूटी रोस्टर के आधार पर डॉक्टर मौजूद रहेंगे।
इमरजेंसी में यहां करें कॉल
-8005192743 (सीएमएस, जिला अस्पताल)
-102 एंबुलेंस (प्रसव मामलों में)
-108 एंबुलेंस (एक्सीडेंटल मामलों में)
-डायल-112 (पुलिस संबंधी)
-101 फायर ब्रिगेड