नरैनी। आवासीय विद्यालय की तीन मंजिला इमारत को बम से उड़ाने की कोशिश के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। खुफिया एजेंसियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बांदा रोड स्थित रामचंदन पहाड़ के नीचे स्वर्गीय दीनदयाल पांडेय आवासीय इंटर कालेज में अज्ञात लोगों द्वारा बम से विस्फोट करके इमारत को नुकसान पहुंचाया। घटना के समय छुट्टियों के चलते स्कूल में ताला पड़ा था। प्रधानाचार्य गोरेलाल गुप्त ने कोतवाली में अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटनास्थल से लोहे की पाइप और विस्फोट के बाद अवशेष बरामद हुए हैं। क्षेत्राधिकारी धर्मसिंह मरछल ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत होता है, फिलहाल रामचंदन पहाड़ में खनन रोक दिया गया है। उन्होंने बताया कि विस्फोट में प्रयोग की गई सामग्री जांच के लिए लैब भेजी जा रही है। उधर, खुफिया एजेंसियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।