फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

परीक्षा के दौरान परिषदीय स्कूलों में तालाबंदी

विज्ञापन
विज्ञापन
बदौसा। दस्यु प्रभावित फतेहगंज संकुल क्षेत्र के स्कूलों में ‘सब पढे़ं-सब बढे़ं’ का नारा हवा-हवाई साबित हो रहा है। ज्यादातर स्कूलों में ताले लटक रहे हैं। बिना परीक्षा कागजी औपचारिकता पूरी कर सभी का अगली कक्षा में जाना तय है।
विज्ञापन

फतेहगंज संकुल क्षेत्र में प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालयों की परीक्षाएं बृहस्पतिवार को शुरू हुई थीं। सोमवार को परीक्षा के दौरान संकुल क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय कुरूहूं में 7.45 बजे तक शिक्षक स्कूल नहीं पहुंचे थे। कक्षा 5 के छात्र जितेंद्र, कक्षा 4 के अमरदीप, रोहित और कक्षा 3 के राजाभइया, नेहा, चुन्नू स्कूल के बाहर खडे़ मिले। छात्रों का कहना था कि उनके मास्टर साहब बांदा से आते हैं। इससे हमेशा देर हो जाती है। प्राथमिक विद्यालय जरैलापुरवा में 7.52 बजे एक कमरे का ताला खुला था। कक्षा 2 का छात्र अंकित व कक्षा 1 का छात्र अजीत मौजूद था। शिक्षक नदारद थे। अंकित ने बताया कि उसकी दादी रामसंवारी स्कूल में खाना बनाती है। दो कमरों की चाबी हमारे घर में रहती है। दादी ने चाबी देकर एक कमरा खोलने को कहा था।
प्राथमिक विद्यालय सुंदरपुरवा में 7.58 बजे ताला बंद था। बाहर खड़ी कक्षा 3 की छात्रा शिल्पी स्कूल खुलने का इंतजार कर रही थी। पूर्व माध्यमिक विद्यालय जरैला व बघोलन में भी ताला बंद मिला। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों स्कूल साल भर बंद रहे। प्राथमिक विद्यालय गोड़ी बाबा का पुरवा में भी ताला बंद था। बाहर खड़ी छात्रा लक्ष्मी ने बताया कि मास्टर साहब फतेहगंज प्रश्नपत्र लेने गए हैं। प्राथमिक विद्यालय फतेहगंज भाग-2 में पंजीकृत 91 छात्र-छात्राओं में मात्र 37 उपस्थित मिले। कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय में पंजीकृत 192 छात्राओं में मात्र 63 छात्राएं ही परीक्षा दे रही थीं।
विज्ञापन


दूसरे स्कूलों में देनी पड़ती है परीक्षा
बदौसा। परिषदीय स्कूलों में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षकों को इधर से उधर संबद्ध किया जाना तो आम बात है पर दस्यु प्रभावित फतेहगंज क्षेत्र में छात्र-छात्राओं को समीप के दूसरे स्कूलों में परीक्षा देने के लिए संबद्ध किया जा रहा है। बघोलन गांव के स्कूल की कक्षा 8 की छात्रा ललता व ममता सुबह 8 बजे जरकढ़ा गांव के स्कूल जा रही थीं। पूछने पर बताया कि उनके गांव का स्कूल बंद है। उन्हें जरकढ़ा में परीक्षा देने को कहा गया है। प्राथमिक विद्यालय गोड़ी पुरवा के शिक्षक गुलाब ने बताया कि उनके स्कूल के पांचवीं कक्षा के छात्र-छात्राएं फतेहगंज में परीक्षा दे रहे हैं। वे उन्हें फतेहगंज पहुंचाकर वापस आए हैं। पूर्व माध्यमिक विद्यालय जरैलापुरवा के छात्र भी फतेहगंज में परीक्षा दे रहे हैं। यह सब परिषदीय अधिकारियाें से छुपा नहीं है। संकुल प्रभारी भोला प्रसाद का कहना है कि परीक्षाएं सब हो रही हैं पर कुछ स्कूलों में इधर से उधर होने की जानकारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें