बांदा। लापता हुआ ढाई वर्षीय बालक 15 घंटे बाद घर के नजदीक मृत अवस्था में पाया गया। पानी से भरे गड्ढे में उसका शव सड़क किनारे बरामद हुआ। लाश का पोस्टमार्टम कराया गया है। पिता ने अपहरण कर उसकी हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस लाइन के नजदीक जरैली कोठी तिराहे पर रह रहे मोहम्मद सईद अपने परिवार के साथ बुधवार की रात पड़ोसी रिश्तेदार के यहां निमंत्रण में गए थे। वहां से उसका ढाई वर्षीय पुत्र शहबाज आलम लापता हो गया। तलाश के बाद भी नहीं मिला। पुलिस को इत्तिला दी गई। बृहस्पतिवार को दोपहर कनवारा रोड पर पालीटेक्निक से कुछ दूर सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में पाया गया।
वहां मछली का शिकार कर रहे कुछ लड़कों ने देखा तो अपने घरवालों को खबर दी। घरवालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पिता का कहना है कि उसकी किसी से दुश्मनी नहीं है लेकिन आशंका जताई कि उसके पुत्र का अपहरण करके जहरीला पदार्थ खिलाकर मार दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया।