बांदा। पत्नी की बेवफाई से क्षुब्ध युवक ने ससुराल में ही जहर खा लिया। जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने लाश का पोस्टमार्टम कराया है। दूसरी घटना में बीमारी से तंग आकर वृद्ध ने फांसी लगाकर जान दे दी।
चिल्ला गांव का 24 वर्षीय राजू बाल्मीकि पुत्र चुन्ना की पत्नी ससुराल में थी। रविवार को उसे लिवाने वह ससुराल बबेरू गया था। पत्नी ने साथ आने से इनकार कर दिया। पत्नी की यह बेवफाई राजू को रास नहीं आई। क्षुब्ध होकर उसने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर ससुरालवालों ने उसे बबेरू स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। सोमवार को दोपहर यहां उसकी मौत हो गई। मृतक के बड़े भाई बबलू ने बताया कि कुछ महीने पहले राजीव ने जमीन और मकान पत्नी के नाम कर दिए थे। उसके साथ कुछ दिन ससुराल में रहा भी। बाद में अपने घर लौट आया। पत्नी नहीं आई। अब उसे लिवाने गया था। दूसरी तरफ पत्नी विनीता ने बताया कि पति राजू शराब के नशे की हालत में उसे लिवाने आया था। ससुराल में हंगामा भी मचाया। उसे रोका गया तो नाराज होकर रिश्तेदारी में पतवन गांव चला गया। सोमवार को सुबह वापस घर पहुंचकर जहर खाया।
उधर, देहात कोतवाली क्षेत्र के महोखर गांव में रविवार की रात 55 वर्षीय जगदेव प्रसाद रैदास ने घर में खपरैल पर रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। घर के अन्य लोग सोते ही रह गए उन्हें भनक भी नहीं लगी। सोमवार को सुबह पुत्र सोनू ने लाश लटकती देखी। उसने बताया कि पिता शराब के आदी थे। काफी दिनों से बीमार भी चल रहे थे। आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। इन्हीं तमाम कारणों से क्षुब्ध होकर फांसी लगा ली।