बांदा। बबेरू विधान सभा क्षेत्र में समस्याओं को लेकर भाजपा नेताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शक कर डीएम को ज्ञापन सौंपा। साथ ही कुछ गांवों में अब तक ओलावृष्टि का सर्वे न होने पर नाराजगी जताई। तबाह किसानों को मुआवजा देने की मांग की।
चार सूत्री मांगों को लेकर बबेरू क्षेत्र के भाजपा नेताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट आकर जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। बताया कि ओलावृष्टि से किसान तबाह हो चुके हैं। बांदा-कमासिन मार्ग गड्ढों में तब्दील हो गया है। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई जानें भी जा चुकी हैं। यही हाल बबेरू-मरका सड़क का भी है। इसके अलावा ज्ञापन में समगरा पंप केनाल के टूटे पोल और जर्जर बिजली लाइन बदलने, बिजली-पानी व्यवस्था दुरुस्त करने, ओलावृष्टि आदि दैवीय आपदा में तबाह हुए किसानों को मुआवजा देने, किसानों का कर्ज माफ करने आदि मांगें शामिल हैं। भाजपाइयों ने नाराजगी जताई कि कुछ गांवों में ओलावृष्टि से बर्बाद खेतों का सर्वे अब तक नहीं किया गया। इसकी वजह से पीड़ित किसानों को सही मुआवजा नहीं मिल सका। उन्होंने डीएम से हस्तक्षेप कर शीघ्र समस्याओं के निस्तारण की फरियाद की। ज्ञापन देने वालों में पूर्व मंत्री शिवशंकर सिंह पटेल, अजय पटेल, महेश कुमार, पूर्व चेयरमैन सुकदेव प्रसाद, राकेश कुमार उर्फ चुन्नू, विश्वेश्वर पांडेय आदि उपस्थित रहे।