बांदा। आर्ट, क्राफ्ट, संगीत, ट्रेनिंग सेंटर के वार्षिकोत्सव में डांस का धमाल रहा। मस्ती भरे गीतों में बच्चों ने जमकर ठुमके लगाए। फैशन शो में माडलों ने जलवा बिखेरा। छोटी बाजार में सोमवार को एसीडी स्टूडियो के वार्षिकोत्सव में रंगारंग कार्यक्रम की धूम रही। नगर पालिका पूर्व चेयरमैन राजकुमार राज व समाजसेवी सीरजध्वज सिंह ने सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। गणेशा डांस की प्रस्तुति सराही गई। ‘रघुपति राघव राजाराम’, ‘हौसला कैसे झुके’ और ‘इतनी सी हंसी’ गीत पर बच्चों ने आकर्षक नृत्य पेश किया। भरत नाट्यम, लावणी में अनीषा, खुशी, राधिका, निकिता आदि ने नृत्य किया। ‘बेबी डॉल’, ‘डिस्को वाले खिसको’, ‘कमली’, ‘फ्यूजन’ में प्रतिभागी कलाकारों ने रंग जमाया। फैशन शो में 15 प्रतिभागियों ने भागीदारी की। रैंप पर चलकर प्रतिभागियों ने अपने जलवे बिखेरे। कार्यक्रम में मोनिका सक्सेना, श्रद्धा निगम, दमेले, जगमोहन, मीना शुक्ला, संतोष, प्रशांत गुप्ता, अजय, अजीत गुप्ता, रोहित तिवारी आदि मौजूद रहे। संचालन आरकेस्ट्रा गायक पंकज रावत ने किया। निशा गुप्ता व किरन गुप्ता ने सभी का आभार जताया।