बांदा। मौसम में आए बदलाव के साथ संक्रामक रोगों ने पैर पसारना शुरू कर दिया है। इसके चलते डायरिया से मरने वालों का सिलसिला जारी है। जिला अस्पताल में भर्ती डायरिया पीड़ित महिला की मौत हो गई। डायरिया से मरने वालों की संख्या 4 हो गई। उधर, 15 नए मरीज अस्पताल में भर्ती हुए।
तापमान में अप्रत्याशित बढ़ोत्तरी के साथ संक्रामक रोगो ने पैर पसार लिए हैं। जरा सी असावधानी जानलेेवा हो रही है। पानी की कमी से डिहाइड्रेशन और प्रदूषित खाने से डायरिया के रोगी बढ़ रहे हैं। डायरिया के चलते ही नरैनी क्षेत्र के हड़हा कबौली गांव निवासी सुबरातन (55) पत्नी इशहाक की शनिवार को जिला अस्पताल में मौत हो गई। चिकित्सकों के मुताबिक वह डायरिया ग्रस्त थी। उधर, डायरिया पीड़ित सचिन (10) निवासी चुन्ना का पुरवा, जग्गी (45) व सरवन देवी (40), मलकिन देवी (75) निवासी तिंदवारा, रामप्यारी (30) निवासी टिकरी, प्रियंका (20) निवासी लालपुर, शिव कुमार (55), विशाल (16) निवासी चौधरी नगर (बांदा), बिंदादीन (45) निवासी मवई, हीरामणि (45) निवासी बिजलीखेड़ा, अभय (2) निवासी गुरेह, सुप्रिया (24) निवासी खन्ना (महोबा), शांति (60) निवासी कालू कुआं और रेखा (22) निवासी गायत्री नगर, पूनम (18) निवासी पीडब्ल्यूडी कालोनी को शनिवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डाक्टरों ने लोगों से ऐसे मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी है। उनका कहना है कि जहां तक हो सके धूप और लू से बचें।