बांदा। बिसंडा नगर पंचायत अध्यक्ष शांती देवी साहू ने अधिशासी अधिकारी व दो कर्मचारियों द्वारा अपनी मर्जी से अवकाश घोषित कर कार्यालय में ताला डालने की शिकायत जिलाधिकारी से की। कहा है कि अधिशासी अधिकारी ने कर समाहर्ता से कस्बा व क्षेत्र में रक्षाबंधन पर बृहस्पतिवार को अवकाश घोषित करने का प्रार्थना पत्र लिखवाया। बिना उनकी अनुमति के अधिशासी अधिकारी ने अवकाश स्वीकृत कर कार्यालय में ताला डाल दिया और छुट्टी पर चले गए। इससे सरकारी व जनहित के कार्य प्रभावित हुए। ईओ व दोनों कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
उधर अतर्रा तहसील के सौंवा का पुरवा निवासी पुजारी रामदेव ने मंदिर की जमीन से अतिक्रमण हटवाने की मांग की है। जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि वह मंदिर का संरक्षक व पुजारी है। शंकर व हनुमान मंदिर में पूजा के साथ बगीचे की देखभाल करता है। दबंगों ने मंदिर की जमीन पर मकान का दरवाजा कर अतिक्रमण कर लिया। उच्च न्यायालय भी अतिक्रमण हटाने का आदेश दे चुका है। उधर, फूलचंद, बलराम सिंह, सुखदेव सिंह समेत आधा सैकड़ा फरियादियों ने एडीएम व एसपी को दिए शिकायती पत्र मे बबेरू में रामजानकी मंदिर पर अवैध कब्जा करने वालों को बेदखल करने की मांग की है। इसी प्रकार प्रमुख धार्मिक स्थल गौराबाबा धाम के आसपास शोहदों की हरकतों सें महिला श्रद्धालु परेशान हैं। मंदिर में पूजा-अर्चना को सुबह शाम महिलाएं पहुंचती हैं। मनचले युवक उनसे छेड़छाड़ करते हैं।