बांदा। स्कूल चलो अभियान अंतर्गत शैक्षिक गोष्ठी में बालिका शिक्षा और शिक्षा के प्रसार पर जोर दिया गया। गोष्ठी में नगरीय क्षेत्र के तमाम विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और टीचरों ने भागीदारी की।
शनिवार को गोष्ठी की शुरुआत प्राथमिक विद्यालय छत्रसाल की छात्राओं के सरस्वती वंदना से हुई। एमएलसी डा.यज्ञदत्त शर्मा ने कहा कि एक महिला के शिक्षित होने से दो परिवारों में शिक्षा का प्रसार होता है। डा.चंद्रिका प्रसाद दीक्षित ‘ललित’ ने कहा कि समाज अज्ञानता के अंधकार में डूब रहा है। समाज की दिशा और दशा को सिर्फ टीचर ही सही रास्ते पर ला सकता है। खंड शिक्षाधिकारी (नगर क्षेत्र) सुनील कुमार द्विवेदी ने स्कूल चलो अभियान की जानकारी देते हुए सफलता के लिए टीचरों से जी-जान से जुटने को कहा। उधर, एमएलसी डा.यज्ञदत्त शर्मा ने मूल्यांकन केंद्र जीआईसी और आदर्श बजरंग इंटर कालेज में मूल्यांकन में लगे परीक्षकों से मुलाकात कर समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने टीचरों से अपनी समस्याएं लिख कर पूर्व प्रधानाचार्य बाबूलाल गुप्त के पास देने को कहा।
इस अवसर पर बाबूलाल गुप्ता, आनंद किशोर लाल, जयकृष्ण त्रिपाठी, शिवपूजन पटेल, आलोक सिंह, मेजर मिथलेश पांडेय, इंद्रजीत सिंह, मंगल प्रसाद आदि उपस्थित रहे।