बबेरू (बांदा)। कस्बे में अवैध रूप से चल रही कोचिंग सेंटरों पर छापे मारे गए। संचालकों को पंजीयन कराने के लिए 24 घंटे की मोहलत दी गई। स्थायी वेतनभोगी विषय अध्यापकों को कोचिंग न पढ़ाने की चेतावनी दी गई।
जेपी शर्मा इंटर कालेज प्रधानाचार्य व पर्यवेक्षक डा. अनिल कुमार सिंह ने सोमवार को कामदगिरि कोचिंग, शिवम ट्यूशन, ब्राइट फ्यूचर कोचिंग, कोटार्य कोचिंग सेंटरों पर छापा मारा। कोचिंग संचालक सुमित गुप्ता व विनोद सिंह को बिना पंजीयन कराए कोचिंग चलाते पकड़ा गया। उन्होंने संचालकों को छात्र संख्या के आधार पर मंगलवार तक पंजीयन कराने की हिदायत दी। साथ ही स्थायी वेतनभोगी विषय अध्यापकों को आगाह किया कि किसी कोचिंग से संबद्ध होकर पढ़ाते पाया गया तो संबंधित प्रबंध समिति को कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा। डा. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि संस्तुति के लिए छापेमारी की रिपोर्ट डीआईओएस डा. ओपी मिश्र को भेजी जाएगी।