बांदा। महिलाएं समाज के विभिन्न आयामों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रही हैं। यह एक अत्यंत शुभ संकेत है। इसे बढ़ाने की जरूरत है ताकि समाज के दोनों पहिए समानता से भागीदारी कर सकें। ये बातें मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी केएन सिंह ने कहीं। वे शनिवार को हार्पर क्लब हाल में कौमी एकता सप्ताह के तहत आयोजित महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम की शुरुआत श्री सिंह ने सरस्वती प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर की। महिलाओं ने सरस्वती व स्वागत गीत प्रस्तुत किए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाएं अब चूल्हा-चौखट तक सीमित नहीं रह गई हैं। वे समाज में अपनी अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि नारी उत्थान से ही देश का उत्थान संभव है। उन्होंने महिलाओं को जागरूक होने के लिए प्रेरित किया। शहरी स्लम परियोजना की किरन सिंह ने महिलाओं के उत्थान से संबंधित प्रेरणादायी गीत सुनाए। महुआ की नीलम देवी व रेउना की रामदेवी ने नारी उत्थान व उसके संबंध में वक्तव्य प्रस्तुत किए। जिला प्रोबेशन अधिकारी कमीक्षा प्रसाद ने शासन की महिलाओं की सुरक्षा व उत्पीड़न विरोधी कानूनों की जानकारी दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी इशरत जहां ने महिला सशक्तीकरण पर चर्चा करते हुए समाज से नारी उत्थान में आगे आने का आह्वान किया।