अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में महिला समेत तीन राहगीरों की मौत हो गई। 10 अन्य घायल हो गए। एक को गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया। दुर्घटनाग्रस्त हुए बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
पहली घटना में चिल्ला थाना क्षेत्र के सादीमदनपुर गांव की सरवरी खातून (55) पत्नी गुलाम मुस्तफा गुरुवार को यहां एक निजी अस्पताल में भर्ती अपने नाती को देखने रोडवेज बस से आ रही थी। कालूकुआं चौराहा में बस से उतरते समय गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन व पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। पति ने रोडवेज चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। दूसरी घटना में गिरवां थाना क्षेत्र के निवादा गांव का रामपाल (45) पुत्र मेढ़े अपने भांजे राजेश (28) के साथ बुधवार की रात बाइक से थनैल गांव जा रहा था। खुरहंड गांव के पास सड़क किनारे पत्थर के चट्टे से बाइक टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दोनों घायल हो गए। यूपी-100 पुलिस उन्हें जिला अस्पताल लाई। यहां रामपाल की मौत हो गई।
एक अन्य घटना में बरियारपुर (अजयगढ़, एमपी) गांव का मनीष (14) पुत्र राकेश केवट व भाई अनुज (10) तथा चचेरी बहन ज्योति (11) समेत परिवार के अन्य लोगों के साथ खत्रीपहाड़ स्थित विंध्यवासिनी देवी दर्शन के बाद पैदल रामपुर (एमपी) जा रहा था। स्याेंढ़ा पुल पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर में लगे कल्टीवेटर की टक्कर से तीनों घायल हो गए। मनीष ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। ज्योति की हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया। उधर, फतेहपुर जनपद के अमैना (बिंदकी) गांव की रुकमणि (28) पत्नी राकेश अपने नंदोई पिंटू (25) पुत्र शिवशंकर व बहन रामदुलारी (35) पत्नी रामरतन (खदुआ) के साथ बाइक पर अपने मायके गड़रिया (जसपुरा) आ रही थी। पपरेंदा गांव के पास बोलेरो की टक्कर से घायल हो गए। एक अन्य घटना में देहात कोतवाली क्षेत्र के सैमरा गांव का आदित्य (16) पुत्र गया प्रसाद अपने साथी धनराज (17) पुत्र महेंद्र पाल के साथ साइकिल से गांव जा रहा था। गुरेह गांव के पास बाइक की टक्कर से दोनों जख्मी हो गए। उधर, अतर्रा का चंद्र प्रकाश (28) अपने दोस्त दीपू (25) (बिसड़ी, ओरन) के साथ गिरवां जा रहा था। खुरहंड के पास गिरकर जख्मी हो गए। सड़क हादसों में मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।
-बाइक सवार नहीं लगाए थे हेलमेट